भक्ति, संस्कृति और सेवा भाव के साथ श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने किया उद्घाटन

"भगवान शिव के परिवार से लें सद्भाव और सह-अस्तित्व की सीख", श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम का प्रशासन ने दिया भरोसा


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- विश्व प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम में गुरुवार को श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ बिहार सरकार की परिवहन एवं मधेपुरा जिला प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और श्रद्धालुओं की सेवा का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।


समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने कहा कि बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का परिवार समाज के लिए आदर्श है। भगवान शिव का वाहन नंदी, माता पार्वती का वाहन सिंह, भगवान गणेश का मूषक, भगवान कार्तिकेय का मोर और स्वयं भगवान शिव के गले में नाग—ये सभी स्वभाव से एक-दूसरे के विपरीत हैं, फिर भी प्रेम, सद्भाव और सह-अस्तित्व के साथ रहते हैं। आज समाज को भी इसी भावना को अपनाने की आवश्यकता है।


जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक तैयारी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जगह-जगह दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है, ताकि श्रद्धालु सहज और सुरक्षित वातावरण में बाबा का दर्शन कर सकें।

स्थानीय विधायक रमेश ऋषिदेव ने कहा कि राजस्व एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से मेले का सफल आयोजन किया जा रहा है। सावन के महीने में बड़ी संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वरनाथ पर जलाभिषेक करने आते हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

एमएलसी अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत "कर्पूरगौरं करुणावतारं संसारसारं भुजगेन्द्रहारम्..." श्लोक के साथ की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव करुणा और त्याग के प्रतीक हैं। उन्होंने संसार की रक्षा के लिए हलाहल विष का पान किया था। समाज को भी बुराइयों और कुरीतियों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के सम्मान से हुई। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और भगवान भोलेनाथ की स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।

श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ ही बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। प्रशासन ने पूरे मेला अवधि के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का दावा किया है। मौके पर एसपी संदीप सिंह,  डीडीसी अनिल बसाक, एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, सांसद प्रतिनिधि मधेपुरा विजेन्द्र यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष पुनम देवी, प्रमुख इस्तियाक आलम, शियाराम यादव, दीपक यादव, बैजनाथ चौहान, दानी लाल मंडल, अशोक चौधरी, न्यास कोषाध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल, विजय सिंह, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, रोशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, योग नारायण मंडल, प्रबंधक भवेश कुमार, सहित सैकड़ों श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Post a Comment

और नया पुराने