डीएम के निर्देश के बावजूद सफाई व्यवस्था सुस्त, सावन मेले की तैयारियां अंतिम चरण में

श्रृदालुओ के लिए विषेश व्यवस्था, साफ सफाई में कमी 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:-  सावन माह में बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के स्पष्ट निर्देश के बावजूद मंदिर परिसर और आसपास की सफाई व्यवस्था अभी भी संतोषजनक नहीं दिख रही है।

गौरतलब है कि गुरुवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने न्यास समिति और संबंधित विभागों को मंदिर परिसर के साथ-साथ सिंहेश्वर बाजार की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए और इसकी समीक्षा रविवार को की जाएगी। बावजूद इसके, रविवार सुबह तक शिवगंगा के आसपास पर्याप्त सफाई नहीं हो सकी। शिवगंगा स्थित यात्री शेड में बड़े-बड़े खरपतवार उगे मिले, जिन्हें अब तक नहीं हटाया गया था। वहीं मंदिर परिसर के नाग गेट के पास जूठा भोजन तथा मंदिर रोड पर कचरे का अंबार भी देखने को मिला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक मंदिर गेट के आसपास कचरा फेंकने वाले लोगों और होटलों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था

सावन में होने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर के बाहर विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पंडाल के माध्यम से महिला और पुरुष श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अर्घा मार्ग से बाबा का जलाभिषेक करेंगे। मंदिर परिसर के भीतर भी छोटे-छोटे मंदिरों में व्यवस्थित पूजा के लिए बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने मंदिर रोड से प्रवेश बंद रखने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु बायपास स्थित प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे, जबकि निकास मंदिर रोड स्थित सिंह द्वार से होगा।

स्वास्थ्य शिविर रहेगा उपलब्ध

हर वर्ष की तरह इस बार भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहेश्वर द्वारा मंदिर परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रृंगीऋषि सेवा फाउंडेशन बदले स्थान पर देगा सेवा

कोशी क्षेत्र में सेवा कार्यों के लिए पहचान रखने वाला श्रृंगीऋषि सेवा फाउंडेशन इस बार बायपास स्थित बाबा मंदिर प्रवेश द्वार के पास पीएनबी एटीएम के बगल में अपना सेवा शिविर लगाएगा। यहां श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, ग्लूकोज और मालिश की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।

फाउंडेशन के संस्थापक भास्कर निखिल ने बताया कि सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को शिवगंगा घाट पर भव्य आरती का आयोजन होगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण का अनुभव कर सकेंगे।

नया सवेरा फाउंडेशन करेगा भोजन वितरण

नया सवेरा फाउंडेशन की ओर से प्रतिमा सिंह धर्मशाला के समीप प्रत्येक सावन सोमवार को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप भोजन वितरण किया जाएगा। फाउंडेशन की कोमल काव्या ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

और नया पुराने