श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी। टूटे पंडाल, आरओ सिस्टम, शिवगंगा व धर्मशालाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

 डीएम ने लिया श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- आगामी श्रावणी मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने गुरुवार को जिला प्रशासन की टीम के साथ बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर परिसर एवं मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में बनाए गए पंडाल का जायजा लिया और टूटे हुए खंभों को तत्काल हटाने तथा क्षतिग्रस्त स्टील पाइपों की वेल्डिंग कराने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर में स्थापित आरओ पेयजल प्रणाली को अविलंब चालू कराने तथा नाग गेट पर आवागमन नियंत्रित करने के लिए लगाए गए अतिरिक्त ग्रिल की भी समीक्षा की।

इसके बाद जिला प्रशासन की टीम शिवगंगा पहुंची, जहां डीएम ने तालाब के आसपास उगी घास की कटाई-छंटाई कराने और बैरिकेडिंग को तुरंत दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के क्रम में टीम ने राजकिशोर धर्मशाला, आस्था भवन, प्रतिमा सिंह धर्मशाला एवं सामुदायिक धर्मशाला का भी निरीक्षण किया। यहां शौचालयों और पूरे परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर स्थित सभी शौचालयों की नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया गया।

सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान डीएम अभिषेक रंजन ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी कृष्ण बागवानी को  मंदिर तथा नगर पंचायत को नगर का तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों को अविलंब पूरा करने का आदेश दिया गया।

डीएम ने बताया कि रविवार को एक बार फिर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मेले के शुभारंभ से पूर्व सभी तैयारियां पूरी हो जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी सह मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल बसाक, एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लालबाबा, रौशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, युगल पटेल, अस्मिता सिंह शंकर ठाकुर उर्फ रघु बाबा, प्रबंधक भवेश कुमार, सहायक लिपिक जैकी आनंद, बाल किशोर यादव, श्रवण कुमार, पार्किंग प्रभारी प्रेम राज, लेखापाल राकेश श्रीवास्तव, धर्मशाला प्रभारी विवेकानंद झा, मंदिर प्रभारी, रंजीत ठाकुर, अमरनाथ ठाकुर, अभिमन्यु कुमार, कर्ण राज, सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता (ईओ), कनीय अभियंता (जेई) एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने