सहयोग शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, लेबर कार्ड और राशन कार्ड के लिए पहुंचे आवेदक

 लालपुर सरोपटटी के सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़ 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड की लालपुर सरोपट्टी एवं पटोरी पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा पूर्व में मिले आवेदनों की समीक्षा कर उनके निष्पादन की जानकारी दी गई।

लालपुर सरोपट्टी पंचायत में वरीय उप समाहर्ता संतोष कुमार तथा पटोरी पंचायत में जिला योजना पदाधिकारी कुमार उमाशंकर को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर लालपुर सरोपट्टी में अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह एवं मुखिया मुद्रिका देवी ने शिविर का उद्घाटन किया।

अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड का पोर्टल फिर से खुल गया है। जिन पात्र लाभुकों का नाम छूट गया है, वे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए जाति एवं आवास प्रमाण पत्र का पुराना प्रमाण पत्र मान्य रहेगा, जबकि आय प्रमाण पत्र नया बनवाना होगा।

उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति में आमजन से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। लालपुर सरोपट्टी पंचायत में पूर्व में 159 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 103 का निष्पादन किया जा चुका है। मंगलवार को आयोजित शिविर में 178 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 170 श्रम विभाग के लेबर कार्ड, छह 'बीबी जी राम जी' योजना तथा दो बिजली विभाग से संबंधित थे। वहीं राशन कार्ड बनवाने के लिए 20 से 25 लोग पहुंचे, जिन्हें आय प्रमाण पत्र बनवाने की सलाह दी गई।

शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, सांख्यिकी, श्रम संसाधन, शिक्षा विभाग, राशन कार्ड सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन लिए गए।

उधर, पटोरी पंचायत में पूर्व से प्राप्त 15 आवेदनों में 14 का निष्पादन कर दिया गया है। मंगलवार को आयोजित शिविर में 22 नए आवेदन प्राप्त हुए।

इस अवसर पर लालपुर सरोपट्टी के नोडल पदाधिकारी पीओ सुधांशु शेखर, हरेंद्र मंडल, अंगद साह, रौशन कुमार तथा पटोरी पंचायत में नोडल पदाधिकारी बीसीओ निर्दोष कुमार, मुखिया जय कृष्ण रजक, रौशन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने