मुरलीगंज के अंबेडकर आवासीय विद्यालय में विषाक्त भोजन से 30 छात्राएं बीमार, अस्पताल में कराया गया इलाज

 

छात्राओं ने दाल में छिपकली गिरने का लगाया आरोप, फूड पॉइजनिंग की आशंका; सभी की हालत सामान्य


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मंगलवार रात भोजन करने के बाद करीब 30 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। किसी को पेट दर्द, किसी को उल्टी तो कई छात्राओं को घबराहट की शिकायत होने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद सभी छात्राओं को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देर रात तक उनका इलाज किया। कुछ छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें सलाइन भी चढ़ाई गई।

बीमार छात्राओं का आरोप है कि रात के भोजन में परोसी गई दाल में छिपकली गिर गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद ही कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। छात्रा मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि दाल खाने के बाद कई छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. निशिकांत ने बताया कि सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया गया है। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी छात्राओं का तत्काल इलाज कराया गया। विद्यालय में भोजन की व्यवस्था जीविका के माध्यम से संचालित होती है। उन्होंने कहा कि फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने