मुरलीगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, 22 बाईक और पार्ट्स बरामद
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मधेपुरा पुलिस को वाहन चोरी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। मुरलीगंज थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी, खरीद-बिक्री एवं उसके पार्ट्स काटकर बेचने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 22 क्षतिग्रस्त चोरी की मोटरसाइकिलें तथा बड़ी संख्या में बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। एक आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 21 जुलाई को मुरलीगंज थाना क्षेत्र से पुंज्वर कुमार को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी के संगठित गिरोह का खुलासा किया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के सरगना निखलेश कुमार के घर सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। वहां से चोरी की कई मोटरसाइकिलें और काटकर रखे गए उनके पार्ट्स बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी की बाइक खरीदकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचता था।
चार गिरफ्तार, एक फरार
गिरफ्तार आरोपितों में दिग्घी निवासी पुंज्वर कुमार, रत्न पट्टी निवासी निखिलेश कुमार, दिग्घी निवासी अनोज कुमार तथा डुमरिया निवासी आकाश कुमार शामिल हैं। वहीं भर्राही थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी सुनील कुमार फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
भारी मात्रा में बरामदगी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 22 क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल, 13 स्टील बैंक कैरियर, 10 साइलेंसर, 12 शॉकर, 17 खुले इंजन, 16 चक्का रिम, 2 खाली चेसिस तथा 19 मोटरसाइकिल की टंकियां बरामद की हैं।
इस संबंध में मुरलीगंज थाना कांड संख्या 440/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में परिवीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष नुरुल हक, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार, अजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विश्वनाथ प्रसाद, डीआईयू टीम, थाना के सशस्त्र बल, ग्रामीण पुलिस एवं गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
إرسال تعليق