श्रावणी मेला 2026: बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम में 30 जुलाई से बदलेगी यातायात व्यवस्था, इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध; पार्किंग के लिए बनाए गए विशेष इंतजाम

सावन के रविवार से सोमवार रात तक का पार्किंग व्यवस्था


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- श्रावणी मेला 2026 में बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। आगामी 30 जुलाई से विशेष यातायात व्यवस्था लागू होगी। श्रावण माह के प्रत्येक रविवार शाम 7 बजे से सोमवार रात 11 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नारियल विकास बोर्ड से दुर्गा चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मधेपुरा की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों को निर्धारित रूट से मवेशी हाट पार्किंग स्थल तक जाने की अनुमति दी जाएगी।

मंदिर तक पैदल पहुंचेंगे श्रद्धालु

ऑटो, टोटो एवं अन्य छोटे व्यावसायिक वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को नारियल विकास बोर्ड के बाद वाहन खड़ा कर पैदल बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर तक जाना होगा। निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुखासन रोड और अशोक वाटिका परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग पार्किंग स्थल

गम्हरिया-पिपरा, शंकरपुर, लालपुर, रामपट्टी, मजरहट-रामपुर सहित अन्य इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य मंदिर क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था को रोकना है।

भारी वाहनों के लिए बदला गया मार्ग

दुर्गा चौक से मंदिर की ओर सभी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बड़ी व्यावसायिक एवं मालवाहक गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं मधेपुरा, पिपरा, सुपौल और गम्हरिया की ओर आने-जाने वाले छोटे एवं व्यावसायिक वाहनों के लिए भी डायवर्सन रूट तय किया गया है।

सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे पुलिस बल और दंडाधिकारी

श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण जलाभिषेक को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और प्रशासन को सहयोग दें, ताकि श्रावणी मेला 2026 सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Post a Comment

और नया पुराने