श्रावणी मेला से पहले प्रशासन की कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर 17 दुकानदारों से ₹10,700 जुर्माना वसूला

 श्रावणी मेला को लेकर हटाया अतिक्रमण, वसुले 10700 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को अंचल अधिकारी नवीन कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सिंहेश्वर मंदिर रोड, नाग गेट, सत्तू गली तथा मुख्य सड़क के किनारे नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। विशेष रूप से मंदिर रोड पर मंदिर की दीवार से सटे अस्थायी अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए कार्रवाई की गई।

अंचल अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि अभियान से पहले माइक के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों से सड़क पर दुकान नहीं लगाने की अपील की गई थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर उनके अतिक्रमण हटाए गए तथा जुर्माना भी लगाया गया।

उन्होंने बताया कि कुल 17 अतिक्रमणकारियों से ₹10,700 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी दुकानदारों से अपील की गई कि श्रावणी मेला अवधि में सड़क पर दुकान लगाकर यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें।

अतिक्रमण हटाने के दौरान न्यास समिति के सदस्य विजय सिंह, हरेन्द्र मंडल, रौशन कुमार, मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार, ऋषु कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने