उदाकिशुनगंज के 143 विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित, धान रोपनी के बीच भी अभिभावकों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी

उदाकिशुनगंज के 143 विद्यालय में शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी 


कोशी तक/उदाकिशुनगंज मधेपुरा:- प्रखंड के सभी 143 सरकारी विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में धान रोपनी का मौसम होने के बावजूद बड़ी संख्या में अभिभावकों, विशेषकर महिला अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शिक्षा, विद्यालय की गतिविधियों और शैक्षणिक गुणवत्ता पर शिक्षकों के साथ चर्चा की।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर संगोष्ठी का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि उदाकिशुनगंज प्रखंड शिक्षा के क्षेत्र में लगातार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर रहा है। इसमें प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) टेक्निकल टीम, प्रधानाध्यापकों, संकुल समन्वयकों, जनप्रतिनिधियों तथा अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान है।

पीबीएल टेक्निकल टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आयोजित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी को लेकर अभिभावकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। धान रोपनी के व्यस्त समय के बावजूद महिला अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

अनुमंडल पार्षद एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रतिनिधि अमृता कुमारी ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में मधेपुरा जिला शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और इसमें अभिभावकों का सहयोग भी सराहनीय है।

पीबीएल टेक्निकल टीम की सदस्य वंदना कुमारी ने बताया कि जुलाई माह में उदाकिशुनगंज प्रखंड में आयोजित विभिन्न शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठियों में लगभग 35 हजार अभिभावकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से प्रखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

बीस सूत्री अध्यक्ष प्रदीप मंडल ने कहा कि मधेपुरा शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान रखता है और शिक्षकों को इसी समर्पण के साथ आगे भी कार्य करते रहना चाहिए। वहीं बिहार विधान परिषद सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मधेपुरा विद्वानों की धरती रही है और शिक्षा की इस परंपरा को आगे बढ़ाने में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग टीम की भूमिका सराहनीय है।

संगोष्ठी के सफल आयोजन में पीबीएल टेक्निकल टीम के सदस्य मंजर आलम, सुनील कुमार चौरसिया, शैलेश कुमार चौरसिया, वंदना कुमारी, सभी प्रधानाध्यापक, संकुल समन्वयक, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा। विद्यालयों में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद को मजबूत करने तथा बच्चों की शिक्षा में सहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

Post a Comment

और नया पुराने