कोशी तक/मधेपुरा:- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एनएफएसए के तहत पात्र परिवारों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने नए राशन कार्ड निर्गमन अभियान को गति देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस की थीम "सुशासन युक्त पंचायत" निर्धारित की गई है। इस अभियान के तहत पंचायत स्तर पर राशन कार्ड के आवेदन प्राप्त करने और लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मधेपुरा जिले को 13 अगस्त 2026 तक 36,742 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिले की 160 पंचायतों में प्रतिदिन 1,280 नए राशन कार्ड जारी करने का दैनिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका समूहों तथा आईसीडीएस कर्मियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने पात्र परिवारों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने पंचायत में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर राशन कार्ड के लिए आवेदन करें, ताकि उन्हें समय पर राशन कार्ड के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके।

إرسال تعليق