कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिंहेश्वर के वार्ड- नंबर 7 स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी के पीछे से 11 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए सातों युवकों के खिलाफ अब एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रिम कार्रवाई में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 20 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि राम जानकी ठाकुरबाड़ी के पीछे ईंट एवं टिन से घिरे परिसर में स्मैक की पुड़िया तैयार कर बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात युवकों को स्मैक की पुड़िया बनाते हुए पकड़ा। तलाशी में कुल 11 ग्राम स्मैक, छह लाइटर, तीन छोटी कैंची, पैकिंग सामग्री, तीन मोबाइल फोन तथा विभिन्न आरोपितों के पास से 3,110 रुपये नकद बरामद किए गए। सभी बरामद सामान को जब्त कर विधिवत सील किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रमाणी टोला, शांतिवन गली और दुर्गा चौक निवासी सनीष कुमार, मंगल कुमार, बबलू कुमार, अमर कुमार, कृष्णा कुमार, भूषण कुमार तथा दीपक कुमार के रूप में की है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध धारा 8(सी)/21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें