सिंहेश्वर 11 ग्राम स्मैक के साथ 7 कारोबारी गिरफ्तार
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंहेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम स्मैक के साथ सात संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और संभावित आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिंहेश्वर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी के पीछे बसी बस्ती में कुछ युवक स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छोटी-छोटी पुड़ियों में रखी करीब 11 ग्राम स्मैक बरामद की तथा मौके से सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान स्थानीय चौकीदार से कराई जा रही है। मौके से स्मैक पीने में प्रयुक्त कागज, चुनौटी, लाइटर तथा नगद राशि भी बरामद की गई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार लोगों का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से है या नहीं तथा स्मैक की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम स्मैक के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
एक टिप्पणी भेजें