सिंहेश्वर मंदिर के विकास को लेकर एक्शन मोड में दिखे डीएम, कई महत्वपूर्ण योजनाओं का किया निरीक्षण

बाबा सिंहेश्वर नाथ के विकास के रोड मैप को गति देते डीएम 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर के समग्र विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन शनिवार की दोपहर भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारियों और पर्यटन विभाग की टीम के साथ सिंहेश्वर पहुंचे तथा मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित एवं चल रही विकास योजनाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।योजनाएं का निरीक्षण करते डीएम अभिषेक रंजन 

डीएम का काफिला यानी सबसे पहले मंदिर बायपास के समीप उस स्थल पर पहुंचा जहां से बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर के गर्भगृह का जल निकासी मार्ग गुजरता है। लंबे समय से बंद पड़े इस मार्ग का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अविलंब अवरोध हटाकर इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान पर्यटन विभाग के अभियंताओं से विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं के बारे में भी पूछा।

निरीक्षण के क्रम में बायपास के समीप नदी किनारे फैली गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राज कुमार कुशवाहा को वहां कचरा नहीं फेंकने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही नदी पर चेक डैम निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने तत्काल निर्मित शौचालय को हटाकर क्षेत्र की सफाई कराने तथा नदी किनारे ईंट बिछाने का निर्देश दिया ताकि स्थल का सौंदर्यीकरण किया जा सके।

इसके बाद जिलाधिकारी पैदल ही मंदिर परिसर के पार्किंग स्थल पहुंचे। यहां पर्यटन विभाग द्वारा पार्किंग क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन डीएम ने इसे खारिज करते हुए स्पष्ट कहा कि पार्किंग के नाम पर मेला क्षेत्र को और छोटा नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बाढ़ आश्रय स्थल में एक वैकल्पिक पार्किंग विकसित करने का निर्णय लिया। साथ ही वहां एक शौचालय निर्माण कराने का भी निर्देश दिया।

फुट कोर्ट निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने संबंधित एजेंसियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का आदेश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पीछे बसे लोगों के आवागमन के लिए एक ओर पर्याप्त रास्ता छोड़ा जाए ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके बाद टीम बाढ़ आश्रय स्थल पहुंची, जहां प्रस्तावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने इसे पार्किंग के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताया। माना जा रहा है कि यहां पार्किंग बनने से मवेशी हाट, महाशिवरात्रि मेला और श्रावणी मेले के दौरान मंदिर परिसर में वाहनों और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में प्रस्तावित बायपास निर्माण के बाद इस पार्किंग का महत्व और बढ़ जाएगा।मंदिर परिसर में मंडप निर्माण का जायजा लेते डीएम 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निदान बायोटेक से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि न्यास परिसर में पौधारोपण के लिए दो कट्ठा भूमि उपलब्ध कराई गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि न्यास से जुड़े सभी लंबित मामलों की फाइलें एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं ताकि उनका शीघ्र निष्पादन किया जा सके।

धर्मशाला निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए बिजली के पोलों की शिफ्टिंग का मुद्दा सामने आया। इस पर डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां-जहां पोल स्थानांतरित करने की आवश्यकता है, वहां का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर बिजली विभाग को भुगतान कर शीघ्र पोल शिफ्टिंग कराई जाए ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।

इसके बाद उन्होंने सिनेमा हॉल के समीप बन रहे मार्केट कॉम्प्लेक्स और उसकी पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सात मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर डीएम ने सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमणकारियों को सात दिनों के भीतर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

मंदिर परिसर के प्रस्तावित भव्य मंडप निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। योजना के तहत आस्था भवन और राजकिशोर धर्मशाला को हटाया जाएगा, जबकि दुर्गा मंदिर को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर रोड स्थित दुकानों को हटाकर पूरे क्षेत्र को खुला और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी। 

जिलाधिकारी के इस दौरे को सिंहेश्वर मंदिर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में बाबा सिंहेश्वर नाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर का स्वरूप अधिक भव्य एवं व्यवस्थित दिखाई देगा।

निरीक्षण के दौरान डीटीओ निकीता कुमारी, सीओ नवीन कुमार सिंह, न्यास प्रबंधक भवेश कुमार कोषाध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल, सदस्य विजय कुमार सिंह, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, रौशन ठाकुर, युगल पटेल, हरेंद्र मंडल, पर्यटन विभाग के आर्किटेक्ट ,अभियंता तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने