सिंहेश्वर में निजी क्लिनिक में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा

हंगामा के बाद महिला के शव को घर ले जाते परिजन 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के रामपट्टी पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 1 स्थित मल्लिक टोला में एक निजी क्लिनिक में कथित इलाज में लापरवाही के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के शव के साथ निजी क्लिनिक पर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार, रामपट्टी पंचायत के मल्लिक टोला वार्ड संख्या-1 निवासी स्वर्गीय दीपो राम की 40 वर्षीय पत्नी पुनम देवी का 14 जून को मल्लिक टोला स्थित एक निजी क्लिनिक में बच्चेदानी (गर्भाशय) का ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान 26 जून की सुबह करीब 10 बजे पुनम देवी की मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने यह भी आशंका जताई कि उनकी मौत 25 जून को ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना समय पर नहीं दी।

महिला का शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने मल्लिक टोला स्थित निजी क्लिनिक के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 एवं सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

इस संबंध में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने