बेलदारी टोला में बनेगा प्राथमिक विद्यालय, अब बच्चों को नहीं तय करनी पड़ेगी 4 किलोमीटर की दूरी

बीईओ ने कहा बेलदारी टोला में बनेगा विद्यालय 



 कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के रुपौली पंचायत अंतर्गत बेलदारी टोला के बच्चों के लिए शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। वर्षों से विद्यालय के अभाव में बच्चों को करीब चार किलोमीटर दूर पढ़ने जाना पड़ता था। अब गांव में ही नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शनिवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा एवं प्राथमिक शिक्षा), मधेपुरा के आदेश तथा अंचलाधिकारी, सिंहेश्वर की अनुशंसा पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार एवं अंचल अमीन ने नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, बेलदारी टोला रुपौली, वार्ड नंबर 02 के भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाता संख्या-2675, खेसरा संख्या-17652, किस्म–अनावाद  बिहार सरकार, रकबा–34 डिसमिल भूमि का जायजा लिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और सैकड़ों बच्चों ने अधिकारियों से जल्द विद्यालय निर्माण एवं पढ़ाई शुरू कराने की मांग की।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार ने बच्चों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही गांव में विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा और तब बच्चे अपने ही गांव में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने तब तक सभी बच्चों से निकटवर्ती विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखने की अपील की।

बीईओ चंदन कुमार ने बताया कि विद्यालय की भूमि का स्थल निरीक्षण कर लिया गया है। हालांकि पहुंच पथ में आगे रैयती भूमि होने की समस्या है, इसलिए इस संबंध में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यालय निर्माण में कोई बाधा न आए।

इस अवसर पर शिवशंकर चौहान, रामदेव चौहान, दिनेश चौहान, सुभाष चौहान, उपेंद्र चौहान, अशोक चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सैकड़ों बच्चे मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने