सिंहेश्वर मंदिर परिसर से हटेगा अतिक्रमण, प्रशासन ने शुरू कराया सिनेमा हॉल ध्वस्तीकरण

न्यास की भूमि पर बने पुराने सिनेमा हॉल को जेसीबी से ध्वस्त कराती प्रशासनिक टीम।



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के तहत सिंहेश्वर मंदिर परिसर के विकास कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए प्रशासन ने न्यास समिति की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में सख्त कदम उठाया है। इसी क्रम में मंदिर न्यास समिति की जमीन पर बने पुराने सिनेमा हॉल को तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटने के बाद उक्त भूमि पर पर्यटन विभाग द्वारा आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा।

मंदिर परिसर के विकास और पर्यटन विभाग की प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह, न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में जेसीबी मशीन लगाकर सिनेमा हॉल को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान सिनेमा हॉल संचालक दिनेश यादव भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सिनेमा हॉल का निर्माण खुले तौर पर किया गया था तथा निर्माण के दौरान न्यास समिति की ओर से कभी कोई आपत्ति या नोटिस नहीं दिया गया। उनका कहना था कि न्यास समिति कार्यालय से महज 10 मीटर की दूरी पर करीब एक वर्ष तक निर्माण कार्य चलता रहा, लेकिन किसी स्तर पर रोक-टोक नहीं की गई। दिनेश यादव ने दावा किया कि सिनेमा हॉल के निर्माण में लगभग 50 लाख रुपये की लागत आई है।

वहीं मंदिर न्यास समिति का कहना है कि जिस भूमि पर सिनेमा हॉल बना है वह न्यास समिति की संपत्ति है और वर्तमान में अतिक्रमण की श्रेणी में आती है। समिति के अनुसार मंदिर परिसर के समग्र विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा उक्त स्थल पर आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के माध्यम से सिंहेश्वर धाम को एक विकसित धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है।

सूत्रों के अनुसार मंदिर न्यास समिति के सचिव ने विकास आयुक्त, डीसीएलआर एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर अतिक्रमित भूमि को खाली कराने हेतु प्रशासनिक सहयोग की मांग की थी। समिति की ओर से दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का भी अनुरोध किया गया था।

प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई विधिसम्मत एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराई जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 

अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर न्यास समिति के सचिव के अनुरोध पर न्यास समिति की जमीन पर बने पुराने सिनेमा हॉल को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।



Post a Comment

और नया पुराने