मुरलीगंज में फास्ट फूड दुकानदार का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 शव को सड़क पर रख कर जाम करते आक्रोशित लोग



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 स्थित वी मार्ट मॉल के समीप रविवार की अहले सुबह एक फास्ट फूड दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड अंतर्गत धीमा सरस्वती वार्ड- नंबर 03, कt444सिरण दोतरर निवासी रमेश मालाकार उर्फ बबलू (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुरलीगंज में वी मार्ट मॉल के सामने ठेला लगाकर फास्ट फूड का व्यवसाय करते थे। व्यवसाय से संबंधित सामान तैयार करने के लिए उन्होंने मॉल के बगल स्थित धर्मकांटा के पास टीन से बने एक कमरे को किराये पर ले रखा था।

बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब तीन बजे उनका शव उसी कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। मृतक की पत्नी विभा देवी ने बताया कि शनिवार रात रमेश घर नहीं लौटे थे। सुबह बेटे को देखने भेजा गया, जिसने पिता को फंदे से लटका देखा और परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से कमरे में प्रवेश कर शव को बाहर निकाला।

पत्नी ने आरोप लगाया कि रमेश कुछ लोगों से कर्ज लिए हुए थे और उन लोगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। वहीं मृतक के चचेरे भाई विकास मालाकार ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने बताया कि रमेश तीन बच्चों के पिता थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर आ5र्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।

इधर, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने किया सड़क जाम, मुआवजा और जांच की मांग

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुरलीगंज–पूर्णिया मुख्य मार्ग को महावीर मंदिर के समीप जाम कर दिया। रविवार दोपहर करीब तीन बजे लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

परिजनों का आरोप था कि रमेश की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने