कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने थाना में आवेदन देकर नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मुरलीगंज गोल बाजार वार्ड नंबर 09 निवासी पत्रकार अंशु कुमार ने आरोप लगाया है कि 17 जून की रात करीब 9 बजे वह पत्रकारिता कार्य के सिलसिले में एक मामले की जानकारी लेने जा रहे थे। इसी दौरान मुरलीगंज बायपास स्थित बेंगा धार नदी पुल के समीप कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली।
आवेदन में कहा गया है कि मुन्ना ऋषिदेव, पिंटू ऋषिदेव, चन्दर ऋषिदेव, भीम ऋषिदेव, प्रदीप ऋषिदेव, अभय ऋषिदेव, पवन ऋषिदेव सहित अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा उन पर अवैध शराब कारोबार की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाया। हालांकि उस समय वह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे।
पीड़ित के अनुसार, अगले दिन 18 जून की सुबह करीब 10 बजे मीरगंज से लौटने के दौरान उसी स्थान पर आरोपितों ने फिर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार, लोहे के रॉड तथा लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
पत्रकार ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली गई। शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अवस्था में अंशु कुमार ने मुरलीगंज सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। पीड़ित ने थाना में लिखित शिकायत देकर नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

إرسال تعليق