सहयोग शिविर में संबंधित मामलों का प्रमाण पत्र वितरण
अतिथियों को शाल और पौधा से सम्मानित किया गया
कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के रूपौली पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में जिले के प्रभारी सचिव सह नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर करना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। सिंहेश्वर शिविर में प्राप्त 118 आवेदनों में से 99 आवेदनों का निष्पादन करने पर उन्होंने बीडीओ और सीओ को बधाई दी। हालांकि उन्होंने कहा कि राशन कार्ड एवं बाल विकास परियोजना से संबंधित समस्याओं के आवेदन नहीं आना इस बात का संकेत है कि संबंधित विभागों को भी अपने स्तर से समस्याओं की समीक्षा कर लोगों को जागरूक करना चाहिए।
इस दौरान लाभुकों के बीच जमीन का पर्चा, आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र एवं जॉब कार्ड का वितरण किया गया। रुपौली शिविर में सीओ नवीन कुमार सिंह ने 8 लाभुको के बीच पर्चा का वितरण किया। जिसमें रूपौली पंचायत के सकिना खातून, रुकसाना प्रवीण, सजिदा खातुन, फतमा खातुन, खुशबु खातुन, जन्नति खातुन, रविना खातुन शामिल हैं। सभी को शिविर में पर्चा दिया गया।
वहीं बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि पिछले एक माह से शिविर की तैयारी की जा रही थी। बिहार सरकार द्वारा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाते हैं। शिविर से पूर्व कुल 118 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 99 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 19 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।
कार्यक्रम के शुभारंभ में डीडीसी अनिल बसाक ने प्रबंध निदेशक राहुल कुमार को बुके एवं पौधा देकर सम्मानित किया। वहीं विद्युत विभाग के मुखिया प्रतिनिधि को भी शॉल और पौधा देकर सम्मानित किया गया।
प्रमाण पत्र वितरण में हुई गड़बड़ी
शिविर के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब निष्पादित मामलों के आवेदकों के प्रमाण पत्र दूसरे लाभुकों को दिए जाने लगे। बाद में गलती का पता चलने पर संबंधित कर्मियों द्वारा सुधार कर प्रमाण पत्र सही लाभुकों को उपलब्ध कराया गया।
मौके पर एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, सीओ नवीन कुमार सिंह, सीएचसी प्रभारी डा. रविन्द्र कुमार, बीपीआरओ रोहित कुमार, बीपीएम सिद्धार्थ राय, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, प्रशिक्षु एसआई रविन्द्र कुमार, रौशनी सिन्हा, सीबीसी रूपेश कुमार, इरशाद आलम, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
إرسال تعليق