कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन में सोमवार को आयोजित पंचायत समिति की सामान्य बैठक वित्तीय अनियमितता के मुद्दे को लेकर काफी गर्म रही। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार ने की। बैठक शुरू होते ही पंचायत समिति मद से जुड़े कथित 1.65 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला जोर-शोर से उठा, जिसके बाद सदन में लंबे समय तक बहस, आरोप-प्रत्यारोप और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
पंचायत समिति सदस्यों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पंचायत समिति मद से संचालित योजनाओं का विस्तृत लेखा-जोखा, बैंक स्टेटमेंट, योजना पंजी, कैशबुक तथा अन्य संबंधित अभिलेख सदन के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की। सदस्यों का कहना था कि योजनाओं पर हुए खर्च और उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
बैठक के दौरान कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि मांगी गई जानकारी के संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। सदस्यों ने कहा कि केवल मौखिक जानकारी पर्याप्त नहीं है और सभी बिंदुओं पर लिखित रूप से अभिलेख उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उनका कहना था कि अभिलेखों की अनुपलब्धता योजनाओं में अनियमितता की आशंका को और मजबूत करती है।
प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार ने बताया कि बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पंद्रहवीं एवं षष्ठम वित्त आयोग मद से संबंधित कैशबुक, बैंक स्टेटमेंट, योजना पंजी और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया था, लेकिन बैठक के दौरान कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। वित्तीय मामलों पर लंबी चर्चा के कारण अन्य विकासात्मक एजेंडों पर विस्तार से विचार नहीं हो सका।
बैठक के बीच से निकले बीडीओ
बैठक के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पंचायत समिति सदस्यों के लगातार सवालों के बीच प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन ने कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने की बात कही और बैठक छोड़कर चले गए। बीडीओ के सदन से बाहर जाने पर कई सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे सदन की अवहेलना बताया।
सदस्यों का कहना था कि महत्वपूर्ण वित्तीय मुद्दों पर चर्चा के दौरान जिम्मेदार अधिकारी का बैठक छोड़कर चले जाना कई सवाल खड़े करता है। कुछ सदस्यों ने कहा कि जब तक मांगे गए अभिलेख और लिखित जवाब उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक पारदर्शिता को लेकर संदेह बना रहेगा। बीडीओ के जाने के बाद कुछ देर तक सदन में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही और सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुरलीगंज से अंशु भगत

एक टिप्पणी भेजें