स्मैक के साथ गिरफ्तार तस्कर सिंटु और गुड्डू
कोशी तक/मधेपुरा:- जिले में सक्रिय कोढ़ा गैंग के दो अपराधकर्मियों को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) और चोरी की पल्सर 220 बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी चोरी, छिनतई और बैंक रेकी जैसी कई घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
जानकारी के अनुसार 19 मई की संध्या सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक चोरी की पल्सर 220 बाइक पर सवार होकर भर्राही के रास्ते मधेपुरा की ओर स्मैक की तस्करी करने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने मधेपुरा-भर्राही सड़क स्थित नवानगर नदी पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान भर्राही की ओर से आ रही एक पल्सर 220 बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने खदेड़कर दोनों को नदी पुल के पास पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोला जुराबगंज निवासी सिंटू कुमार और गुड्डू कुमार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान सिंटू कुमार के पास से करीब 6 ग्राम तथा गुड्डू कुमार के पास से 6.65 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद पल्सर 220 बाइक कटिहार के मिर्चाई बाड़ी इलाके से चोरी की गई थी। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि वे पहले बाइक चोरी करते हैं, फिर उसी बाइक से बैंक की रेकी कर कैश छिनतई और महिलाओं से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 8 मई को आजाद नगर हनुमान मंदिर के पास एक महिला से चेन छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों के चेहरे का मिलान हुआ है। इसके अलावा कई अन्य घटनाओं में संलिप्तता की बात सामने आई है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है।
इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 558/26, दिनांक 19.05.26 के तहत धारा 317(2)/3(5) बीएनएस एवं 8(c)/20(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधी
सिंटू कुमार, पिता स्व. बसंता यादव, नया टोला जुराबगंज, थाना-कोढ़ा, जिला-कटिहार
गुड्डू कुमार, पिता कैलाश यादव, नया टोला जुराबगंज, थाना-कोढ़ा, जिला-कटिहार
बरामदगी
12.65 ग्राम स्मैक
दो मोबाइल फोन
चोरी की पल्सर 220 मोटरसाइकिल
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, एसआई कन्हैया कुमार, सिपाही अंकज कुमार, नितेश कुमार, बीएचजी अरुण कुमार सिंह, मो. अब्दुल कादिर शामिल थे।
एक टिप्पणी भेजें