समर्पित शिक्षिका कुमारी आशा यादव को भावभीनी विदाई

समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त शिक्षिका को भावभीनी विदाई 


कोशी तक/उदाकिशुनगंज मधेपुरा:- प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय रामपुर खोड़ा में शनिवार को विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुमारी आशा यादव के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ सम्मान और गौरव से भरा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कुमारी आशा यादव के लंबे शैक्षणिक योगदान, अनुशासित कार्यशैली एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शैक्षणिक क्षेत्र में नई पहचान बनाई।

बताया गया कि कुमारी आशा यादव मूल रूप से उदाकिशुनगंज अनुमंडल के करौती पिपरा गांव की निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में मध्य विद्यालय रामपुर खोड़ा में शिक्षक पद पर योगदान दिया था। इससे पूर्व वर्ष 2006 से 2012 तक केपीएन मध्य विद्यालय पिपरा करौती में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत रहीं। दो दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रिय शिक्षिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

अपने संबोधन में कुमारी आशा यादव ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रहा है तथा विद्यार्थियों की सफलता ही किसी शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक ललन कुमार दीनबंधु, शिक्षक भवेश कुमार, अरुण कुमार सिंह, दिनेश कुमार भारती, परमानंद मेहता, ओमप्रकाश कुमार, अभिषेक कुमार, शिक्षिका शबनम कुमारी, मीरा कुमारी, शोभा कुमारी, अनीता कुमारी एवं निधि कुमारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। अंत में सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

Post a Comment

أحدث أقدم