घर के पीछे जमीन में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

 

5 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर रविन्द्र यादव 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड नंबर 03 में की गई।

जानकारी के अनुसार सिंहेश्वर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार यादव सशस्त्र बल, गृहरक्षक राजा कुमार, चौकीदार मो. मुस्ताक आलम एवं उत्पाद विभाग की टीम के साथ अवैध शराब की बरामदगी एवं छापेमारी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बेहरारी गांव पहुंचने पर गुप्त सूचना मिली कि भवानीपुर निवासी रविन्द्र कुमार अपने घर के पीछे जमीन के नीचे विदेशी शराब छिपाकर रखा हुआ है।

सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम जब रविन्द्र कुमार के घर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे जवानों की सहायता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रविन्द्र कुमार (33 वर्ष), पिता जागेश्वर यादव, निवासी भवानीपुर वार्ड नंबर 03 बताया।

इसके बाद पुलिस ने घर के पीछे छापेमारी की। वहां ताजा खोदी गई मिट्टी देखकर जब जमीन हटाई गई तो मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई ‘इम्पीरियल ब्लू ड्यूल कास्क स्मूथ व्हिस्की’ की 750 एमएल की पांच बोतल बरामद हुई। बरामद शराब पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली” अंकित था। कुल बरामद शराब की मात्रा 3 लीटर 750 एमएल बताई गई है।

पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर विधिवत जप्ती सूची तैयार की तथा जांच हेतु एक बोतल को सीलबंद किया। स्थानीय लोगों से गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इसके बाद साथ मौजूद गृहरक्षक एवं चौकीदार को गवाह बनाया गया।

पुलिस ने आरोपी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना लाया। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने