सुखासन पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर आयोजित, मंत्री शीला मंडल ने सुनी लोगों की समस्याएं

मंत्री शिला मंडल को पौधा देकर सम्मानित करते डीएम मंत्री को बुके देकर स्वागत कर सुखासन मुखिया किशोर कुमार पप्पू 



कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के सुखासन पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में शीला मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनीं। विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सह मधेपुरा प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर करना है, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि जो लोग शिविर में नहीं आ पाए हैं, वे भी 1110 नंबर पर डायल कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार जनता की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर की यह शुरुआत है, फिर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखकर खुशी हुई। मंत्री ने जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की अधिक भागीदारी दिखी, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण को मजबूत किया गया है, जिसके कारण आज महिलाएं घर की चौखट से निकलकर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

मंत्री ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था बेहतर होने के कारण महिलाएं अब सुरक्षित माहौल में घर से बाहर निकल पा रही हैं। शिविर में उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता और बारीकी से सुनकर न्यायोचित समाधान किया जाए।अपनी माता के साथ 9 वर्षिय दिव्यांग राहुल कुमार 

समस्याओं को सुनने के दौरान मंत्री शीला मंडल एक 9 वर्षीय दिव्यांग बालक राहुल कुमार, पिता अशोक नोनिया, निवासी सुखासन वार्ड नंबर 6 की स्थिति देखकर भावुक हो गईं। बालक चलने में पूरी तरह असमर्थ था, लेकिन उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र मात्र 40 प्रतिशत बनाया गया था। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन को प्रमाण पत्र निर्गत करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वहीं बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि पिछले एक माह से इस शिविर की तैयारी की जा रही थी। बिहार सरकार द्वारा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 55 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 10 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। कार्यक्रम के शुभारंभ में सुखासन के मुखिया किशोर कुमार पप्पू ने मंत्री शीला मंडल को बुके देकर सम्मानित किया। इस दौरान डीएम अभिषेक रंजन, एसपी संदीप सिंह, एसडीओ संतोष कुमार, सीओ नवीन कुमार सिंह, बीपीआरओ रोहित कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, प्रमुख इस्तियाक आलम, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

أحدث أقدم