कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी पंचायत अंतर्गत प्रताप नगर वार्ड नंबर-3 में बुधवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (पति– विनोद मुखिया) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि प्रीति कुमारी का मायका मधुबनी जिले के सूर्यही गांव में है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि शाम करीब 4 बजे सास चुनिया देवी जब खेत से घर लौटीं तो उन्होंने अपनी बहू को जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। आनन-फानन में पड़ोस की महिलाओं की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरलीगंज ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. मेराज आलम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार, मृतका के शरीर या सिर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन गले पर संदिग्ध निशान पाए गए हैं। इससे मामला गला दबाकर हत्या या फांसी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, मृतका के पति विनोद मुखिया ने प्रेम विवाह किया था और वह फिलहाल बाहर रहकर काम करते हैं। घटना के समय घर में केवल सास और बहू ही मौजूद थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया जा रहा है। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मुरलीगंज से अंशु भगत

إرسال تعليق