
बकरीद पर शांति समिति की बैठक करते थानाध्यक्ष
कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आदर्श थाना सिंहेश्वर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने लोगों से पर्व को शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बकरीद के दौरान डीजे के उपयोग पर रोक रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कई बार लोग दूसरी जगहों की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, ऐसे लोगों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों से तत्काल पोस्ट हटवाएं।
प्रमुख इस्तियाक आलम ने कहा कि सिंहेश्वर की भाईचारे की परंपरा हमेशा कायम रही है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने जानकारी दी कि झिटकिया बड़ी ईदगाह एवं बैरवन्ना में सुबह 7:30 बजे तथा सुखासन में सुबह 8 बजे बकरीद की नमाज अदा की जाएगी।
सीओ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि नमाज स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी तथा अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद परवेज आलम, मुखिया जय कृष्ण शर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष विजय टेकरीवाल, सरपंच चंदन कुमार, बैजनाथ ऋषिदेव, मो. हदीस, वार्ड पार्षद रंजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार राणा, भूपेंद्र गुप्ता, पंसस जयकांत कुमार, हरिश्चंद्र राम, पूर्व न्यास सदस्य सरोज कुमार सिंह, मो. यूसुफ अली, सोनू राज, सबूल आलम, मो. महताब एवं मो. सलाउद्दीन शाह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
إرسال تعليق