कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी की नीयत से अपहृत एक नाबालिग लड़की को घटना के महज 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। तकनीकी अनुसंधान एवं लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने अपहृता को दरभंगा जिला से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, अपहृता की मां ने मुरलीगंज थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री शुक्रवार दोपहर घर का सामान खरीदने बाजार गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर शनिवार को शादी की नीयत से अपहरण किए जाने का मामला दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी कर 36 घंटे के भीतर अपहृता को बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि अपहृता का बयान दर्ज किया जा रहा है तथा उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में एसआई मो. इमनाज खान, सुभांगी कुमारी, मो. सद्दाम हुसैन एवं महिला सिपाही लवली नेहा कुमारी शामिल थीं।
मुरलीगंज से अंशु भगत

إرسال تعليق