कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर स्थान मंदिर परिसर स्थित सामुदायिक भवन में सनातन बोर्ड परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सनातन बोर्ड के उद्देश्यों, हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना और भारतीय सनातन संस्कृति के पुनर्जीवन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने हिंदू संस्कृति के वैज्ञानिक महत्व, नैतिक मूल्यों और संस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के कारण युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं और जड़ों से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है।
वक्ताओं ने बताया कि सनातन बोर्ड का उद्देश्य हिंदू धार्मिक स्थलों एवं उनकी संपत्तियों का संरक्षण करना, रामायण और गीता के संदेशों का प्रचार-प्रसार करना तथा गुरुकुल परंपरा को पुनर्जीवित करना है। बैठक में इस बात पर भी रणनीति बनाई गई कि जमीनी स्तर पर लोगों को जोड़कर हिंदू समाज को जागरूक किया जाए और घर-घर तक भारतीय संस्कृति के मूल विचारों को पहुंचाया जाए।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में देवानंद मिश्र सुमन, राष्ट्रीय प्रभारी अनुशासन समिति सह संगठन महामंत्री बिहार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं वर्तमान एमएलसी लाल मोहन गुप्ता तथा प्रदेश कोऑर्डिनेटर सह संगठन मंत्री पंडित मुनचुन झा मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि सनातन बोर्ड सोशल मीडिया के माध्यम से कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाएगा और भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
बैठक में विजय गुप्ता, सुलेखा देवी, रूपेश चौधरी, पूजा चौधरी, केशव जी, राहुल शांडिल्य, प्रमोद महतो, विमल जी, सत्यम मंडल एवं शंभूनाथ झा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन प्रखंड कोऑर्डिनेटर मुकेश रावत, जिला सह-कोऑर्डिनेटर सौरभ कुमार और रणधीर कुमार ने संभाला। बैठक में सैकड़ों की संख्या में सनातनी कार्यकर्ताओं एवं कोऑर्डिनेटरों ने भाग लिया और संगठन की मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


एक टिप्पणी भेजें