सोशल मीडिया की पहल पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई

 

चेकिंग के लिए सुनित साना का रेलवे को किया गया ट्वीट 


कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:-  सूनित साना के एक ट्वीट के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और समस्तीपुर मंडल ने सघन टिकट जांच अभियान चलाकर 6,833 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा। अभियान के दौरान कुल 59 लाख 54 हजार रुपये जुर्माना और अतिरिक्त किराया वसूला गया।

बताया गया कि सुनीत साना ने अपने ट्विटर हैंडल से अश्विनी वैष्णव और समस्तीपुर मंडल को टैग करते हुए सहरसा जंक्शन से पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर नियमित टिकट जांच की मांग उठाई थी। ट्वीट के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन की ओर से जवाब दिया गया कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

इसके बाद मंगलवार को सहरसा जंक्शन, पूर्णिया कोर्ट सहित विभिन्न स्टेशनों और रेलखंडों पर विशेष अभियान चलाया गया। ट्रेनों के अंदर, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में व्यापक जांच की गई, जिसमें 6,833 बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्री पकड़े गए।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बिना टिकट यात्रा से रेलवे राजस्व को नुकसान होता है, जिसका असर यात्री सुविधाओं, ट्रेन संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ता है। इसलिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाना आवश्यक है।

कार्रवाई के बाद सुनीत साना ने रेलवे प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मांग को गंभीरता से लिया गया। उन्होंने अपील की कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहना चाहिए ताकि लोगों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत विकसित हो सके।

यह मामला इस बात का उदाहरण बनकर सामने आया है कि सोशल मीडिया पर उठाई गई जनसमस्याओं पर अब प्रशासन तेजी से संज्ञान ले रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने