खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत समेत कई मांगों को लेकर ईओ से मिले चैंबर ऑफ कॉमर्स का शिष्टमंडल

खराब सीसीटीवी सहित कई मांगों को लेकर ईओ से मिला शिष्टमंडल


कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- मुरलीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था, जर्जर नालों की मरम्मत तथा यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाए गए अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं और केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बताया कि शहर में आए दिन लूटपाट, चैन स्नैचिंग, मोटरसाइकिल एवं साइकिल चोरी जैसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन कैमरे बंद रहने के कारण अपराधियों की पहचान नहीं हो पाती। इससे व्यापारी वर्ग एवं आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

शिष्टमंडल ने मांग की कि शहर के सभी खराब सीसीटीवी कैमरों की अविलंब मरम्मत कराई जाए, ताकि अपराध पर नियंत्रण लग सके और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। इसके अलावा नगर क्षेत्र में टूटे हुए नाला ढक्कनों की मरम्मत, नो पार्किंग व्यवस्था लागू करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की भी मांग उठाई गई।अपनी मांगों का पत्र इओ को सौंपते चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य 

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवशंकर भगत ने कहा कि नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि सीसीटीवी कैमरे चालू रहने से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और व्यापारी वर्ग भी निश्चिंत होकर अपना व्यवसाय कर सकेगा। उन्होंने नगर पंचायत से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

वहीं कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा उठाए गए मुद्दों पर पहल की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां-जहां कैमरे खराब हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी तथा नाला निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा।

मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रणय साह, प्रभात पाल, विनय चौधरी, मनीष कसेरा, सदस्य सुबोध चौधरी, प्रेम कुमार मुन्ना, मनोज भगत एवं राजीव जायसवाल मौजूद थे।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم