मुरलीगंज स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम की टीम
कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- सहरसा–पूर्णिया रेलखंड पर स्थित मुरलीगंज रेलवे स्टेशन का रविवार की संध्या समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने निरीक्षण किया। पूर्णिया कोर्ट से लौटने के दौरान डीआरएम शाम करीब साढ़े छह बजे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान रेल संघर्ष समिति मुरलीगंज के सदस्यों ने डीआरएम से मुलाकात कर स्टेशन की वर्षों पुरानी समस्याओं और यात्रियों की प्रमुख मांगों को मजबूती से उठाया। समिति की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, शुद्ध पेयजल, शौचालय व्यवस्था, यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, वाशिंग पिट एवं रेंक पॉइंट निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया।
समिति सदस्यों ने कहा कि मुरलीगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर आज भी यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करने की मांग पिछले तीन वर्षों से लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
रेल संघर्ष समिति ने विशेष रूप से 05579/80 पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन को पुनः सप्ताह में चार दिन चलाने और नियमित करने, 63359/60 मधेपुरा–सहरसा मेमू ट्रेन का विस्तार मुरलीगंज तक करने तथा जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मुरलीगंज स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की भी मांग की गई।
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने समिति की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि रेल संघर्ष समिति द्वारा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण और सकारात्मक सुझाव दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्लेटफॉर्म ऊंचीकरण (हाई लेवल) का कार्य लगभग तीन माह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही शुद्ध पेयजल व्यवस्था के लिए भी इसी अवधि में आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ट्रेनों के ठहराव और परिचालन संबंधी मांगों पर भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
डीआरएम के आश्वासन के बाद रेल संघर्ष समिति के सदस्यों एवं स्थानीय यात्रियों में उम्मीद जगी है।
मौके पर दिनेश मिश्रा, सूरज जायसवाल, प्रशांत यादव, विजय यादव, डॉ. रोहित भगत, विकास आनंद, अमित यादव, कन्हैया चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें