चोरी करते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पेड़ से बांधकर पुलिस को सौंपा

मुरलीगंज में चोरी को पुलिस के हवाले करते ग्रामीण 


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- नगर पंचायत क्षेत्र के जय रामपुर वार्ड नंबर 5 में बुधवार को चोरी की घटना के दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की, फिर उसे पेड़ से बांध दिया। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के हवाले युवक को कर दिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान रहिका टोला निवासी दिलराज कुमार के रूप में हुई है। जय रामपुर निवासी राहुल कुमार ने बताया कि उक्त युवक द्वारा उनके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। आरोप है कि घर से गैस सिलेंडर, ट्रैक्टर के पार्ट्स सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे जब युवक सिलेंडर लेकर जा रहा था, तभी ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। संदेह होने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चोरी की बात सामने आने पर लोग आक्रोशित हो उठे। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की पिटाई करने के बाद उसे पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने की बात कही जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब दिलराज कुमार चोरी के आरोप में पकड़ा गया हो। इससे पूर्व 14 फरवरी को भी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 स्थित श्री अनुकूल चंद्र आश्रम गली में दिनदहाड़े चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया था। उस समय भी लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

मामले में मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि चोरी के आरोप में युवक को थाना लाया गया है। आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने