258 लीटर नशीली कफ सिरप के साथ कारोबारी गिरफ्तार, नेक्सॉन गाड़ी जब्त


कोडिनयुक्त कफ सिरप का ब्रीफिंग करते एएसपी 


कोशी तक/मधेपुरा:- पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ, शराब एवं नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मधेपुरा सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 258 लीटर कोडिनयुक्त नशीली कफ सिरप के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि साहुगढ़ बाजार टोला वार्ड नंबर 09 निवासी अमरेश साह उर्फ हिटलर अपनी नेक्सॉन कार संख्या बीआर 43 एजी-5556 से भारी मात्रा में अवैध नशीली दवा लेकर घर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके दरवाजे पर खड़ी नेक्सॉन गाड़ी में बैठे हुए पकड़ा गया। पुलिस द्वारा घर एवं वाहन की तलाशी लेने पर गाड़ी में छिपाकर रखे गए 13 प्लास्टिक बोरे से 2580 पीस (100 एमएल) कोडिन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त “विक्सी ऑफ” कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 258 लीटर बताई गई है।

इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 581/26 दर्ज करते हुए आरोपी अमरेश साह उर्फ हिटलर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने मौके से नेक्सॉन चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, पुअनि लक्ष्मीनारायण महतो, संतोष कुमार सिंह, दिनेश कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Post a Comment

और नया पुराने