मुरलीगंज में डीएम ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,पड़वा नवटोल पंचायत सरकार भवन में 19 मई को आयोजित होगा सहयोग शिविर

मुरलीगंज में अधिकारियो के साथ बैठक करते डीएम 


कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- प्रस्तावित सहयोग शिविर एवं फार्मर रजिस्ट्री कैंप के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को डीएम अभिषेक रंजन ने मुरलीगंज प्रखंड कार्यालय में प्रखंड एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आमजनों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

फार्मर रजिस्ट्री कैंप की समीक्षा के दौरान डीएम ने किसानों के निबंधन कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों के लिए जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता, पंजीकरण प्रक्रिया की सुगमता तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।

डीएम श्री रंजन ने स्पष्ट कहा कि किसानों को डिजिटल पहचान से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और इससे कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिविर के सफल संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों की जानकारी भी दी। साथ ही डीएम ने मनरेगा कार्यालय का भी गहन निरीक्षण किया एवं उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं डीएम ने पड़वा नवटोल पंचायत सरकार भवन में 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में आने वाले फरियादियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मौके पर एसडीएम संतोष कुमार, बीडीओ गोपाल कृष्णन, सीओ किसलय कुमार, बीडब्लुओ सह बीईओ बबीता कुमारी, बीसीओ दिलीप चौधरी, मनोज कुमार झा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कुमारी शैलजा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم