सिंहेश्वर में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर सोलर संवाद कार्यक्रम आयोजित। योजना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर, सस्ती बिजली का बताया लाभ

 पीएम सोलर योजना का आन लाइन सोलर जानकारी दी


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- प्रखंड कार्यालय सिंहेश्वर के सभा भवन में गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर ऑनलाइन सोलर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, मधेपुरा द्वारा की गई, जिसमें योजना को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि पीएम सूर्य घर योजना देश के नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण  कदम है। योजना के तहत लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जिससे वे खुद बिजली उत्पादन कर अपने बिजली बिल में भारी कमी ला सकते हैं।

सरकार इस योजना के अंतर्गत सब्सिडी भी प्रदान कर रही है। एपीएल उपभोक्ताओं को 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा, जिसमें 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 किलोवाट पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी शामिल है। शेष राशि के लिए बैंक से 6 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।

वहीं, बीपीएल परिवारों के लिए 1 किलोवाट का सोलर पैनल पूरी तरह मुफ्त लगाया जाएगा। योजना का उद्देश्य देश भर में 1 करोड़ घरों तक मुफ्त बिजली पहुंचाना है। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 फरवरी 2024 को की थी।

जिले में इस योजना के तहत बीपीएल परिवारों के लिए 6500 और एपीएल उपभोक्ताओं के लिए 850 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में बीडीओ ज्योति गामी, नगर पंचायत अध्यक्ष पूनम देवी, कमरगामा पंचायत के मुखिया जय कृष्ण शर्मा, जीविका के बीपीएम सिद्धार्थ रामन, बीएओ शुभम कुमार, जेई बिजली अमीत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم