आपत्तिजनक विडियो वायरल करने वाले युवक गिरफ्तार
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंहेश्वर थाना में पदस्थापित पुअनि अंकिता कुमारी को गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली। वायरल वीडियो में चार युवक एक वाहन पर बैठकर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे थे। यह वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल ranveer_bihari_00 से तेजी से फैल रहा था, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। महाल चौकीदारों की मदद से वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान पटोरी गांव के रहने वाले रणवीर कुमार, सुमन कुमार, मंतोष कुमार और धीरज कुमार के रूप में की गई।
पुलिस टीम जब पटोरी वार्ड नंबर 09 पहुंची तो वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जो वीडियो को लेकर आक्रोशित थी। लोगों से बातचीत के बाद पुलिस ने आरोपी रणवीर कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें संबंधित इंस्टाग्राम आईडी मौजूद थी।
थाना लाकर पूछताछ करने पर रणवीर कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर करीब तीन-चार महीने पहले यह वीडियो बनाया था और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपलोड किया था। पुलिस ने वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है तथा मोबाइल को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करना दंडनीय अपराध है, इससे बचें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
إرسال تعليق