
हथियार के साथ पिता ने पुत्र को पुलिस के हवाले किया
कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- मुरलीगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहा एक पिता ने अपने ही बेटे को अवैध हथियार के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।
हरिपुरकला तीनकोनमा वार्ड नंबर 13 निवासी संजीव यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका 42 वर्षीय पुत्र रितीश कुमार उर्फ ऋतुराज पिछले कुछ समय से गलत संगति में पड़ गया था। वह अक्सर अवैध हथियार लेकर घूमता था, जिससे परिवार और इलाके में डर का माहौल बना हुआ था।
रविवार की रात करीब 9 बजे जब रितीश एक देशी कट्टा लेकर घर पहुंचा, तो पिता ने उससे पूछताछ की। इस पर वह भड़क गया और अपने ही पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संजीव यादव ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की मदद से रितीश को काबू में किया गया और तुरंत मुरलीगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने पिता ने स्वयं अपने बेटे और उसके पास मौजूद देशी कट्टा को पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1 बी)ए एवं 26 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें