कस्तूरबा विद्यालय में संदिग्ध बालिका की मौत परिजनों से मिले-पीके
कोशी तक/मधेपुरा:- जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार शाम मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को संदेह है कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है। इस मामले को लेकर जन सुराज की ओर से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की गई है।
जांच कमिटी गठित, डीएम से मुलाकात आज
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमिटी गठित की है। साथ ही, जिला अधिकारी ने पीड़ित परिवार को सोमवार को मिलने के लिए बुलाया है। जन सुराज के कार्यकर्ता भी परिवार के साथ इस मुलाकात में शामिल होंगे, जहां परिजन अपनी बात प्रशासन के सामने रखेंगे।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पीके ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनी कार्रवाई संभव होगी, लेकिन प्रशासन को पीड़ित परिवार की बात गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब कोई परिवार अपनी बच्ची को छात्रावास में पढ़ने भेजता है, तो वह उसकी सुरक्षा की उम्मीद करता है। यदि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
प्रशासन के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट आने की संभावना है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
प्रशांत किशोर ने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और बच्ची के पिता मजदूरी करते हैं। ऐसे में सरकार को नियमानुसार मिलने वाला मुआवजा अवश्य प्रदान करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन की ओर से किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जन सुराज पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर साथ खड़ा रहेगा।
एक टिप्पणी भेजें