रेलवे पुल के समीप युवक के शव का निरीक्षण करते पुलिस पदाधिकारी
कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- थाना क्षेत्र के बलुआहा रेलवे पुल के समीप शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब स्थानीय लोग उधर से गुजर रहे थे, तभी पुल के पास झाड़ियों के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा गया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उसकी पहचान साहूगढ़ वार्ड संख्या 05, मोरकाही टोला निवासी राजकुमार के रूप में हुई। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस को मृतक के पास से अंबाला कैंट जंक्शन से सहरसा जंक्शन तक का एक ट्रेन टिकट भी मिला है, जो 2 अप्रैल का बताया जा रहा है। इस आधार पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो सकता है। उनका कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुरलीगंज से अंशु भगत
إرسال تعليق