कोशी तक/घैलाढ़ मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड में उत्क्रमित मध्य विद्यालय इनरवा के कुछ कक्षाओं को घैलाढ़ में शिफ्ट किए जाने के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्कूल शिफ्टिंग के फैसले से नाराज़ ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि कक्षाओं के स्थानांतरण से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और उन्हें दूर जाने में कठिनाई होगी। साथ ही ग्रामीणों ने सड़क किनारे विद्यालय होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी जताई।
स्थिति की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद जाम को हटवाया।
इस संबंध में बीडीओ अविनाश कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी देर से मिली, अन्यथा स्थिति पहले ही नियंत्रित कर ली जाती। उन्होंने कहा कि कक्षा 6 से 8 के छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से उन्हें मॉडल स्कूल से टैग किया जा रहा है, जिसके तहत दुर्गा उच्च विद्यालय का चयन किया गया है।
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को पत्र भेजकर तिराहे और चौराहे पर स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्देश दिया जाएगा।
फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है, हालांकि ग्रामीणों में इस मुद्दे को लेकर नाराज़गी अब भी बनी हुई है।

إرسال تعليق