
पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर बैठक करते जिलाधिकारी
कोशी तक/मधेपुरा:- शनिवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी हॉल में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी तथा संबंधित एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की सुचारू और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में कृत्रिम अभाव उत्पन्न करना या आपूर्ति में बाधा डालना गंभीर अनियमितता मानी जाएगी, जिस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी डीलरों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध कराएं तथा स्टॉक एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों के शीघ्र निष्पादन के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें