
रजनी गोठ में बिजली पौल गाड़ने को लेकर विवाद
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- प्रखंड क्षेत्र के रजनी गोठ वार्ड संख्या 12 में रविवार को बिजली पोल गाड़ने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालांकि प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में अंततः पोल गाड़ने का कार्य पूरा करा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश यादव के दरवाजे और आंगन के पास पहले से ही दो बिजली पोल लगे हुए थे। इसी स्थान से बिजली तार ले जाने को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था।
रविवार को बिजली विभाग के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पोल गाड़ने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान जमीन मालिक गणेश यादव के परिवार के सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध में महिलाओं की भागीदारी भी देखी गई और हल्की नोंक-झोंक की स्थिति बनी।
हालांकि, प्रशासन के सख्त रुख के बाद स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कार्य को जारी रखते हुए पूरा कराया गया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ तारानंद यादव ने बताया कि संबंधित स्थल पर पहले से पोल मौजूद था और उसी स्थान पर नया पोल स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विरोध के कारण क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिजली आपूर्ति की जा रही थी। प्रशासनिक निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में कार्य को पूरा कराया गया।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें