इंजीनियरिंग कॉलेज में गूंजा “जल ही जीवन” का संदेश, 150 से अधिक छात्रों ने लिया भाग

जल जीवन हरियाली पर क्वीज प्रतियोगिता में शामिल छात्र छात्राएं 


कोशी तक सिंहेश्वर मधेपुरा:-  बीपी मंडल अभियंत्रण महाविद्यालय मधेपुरा में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तहत संचालित ‘जल जीवन हरियाली कार्यक्रम’ के अंतर्गत विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जल संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति, पेंटिंग, निबंध लेखन और समूह चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के प्राचार्य प्रो अरबिंद कुमार अमर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जल संकट और पर्यावरण असंतुलन वैश्विक चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जल संरक्षण को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर इसे जन-जन की जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।

उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी प्राध्यापकों और छात्रों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।

कार्यक्रम में नोडल ऑफिसर प्रो. उत्तम कुमार, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. हरेकृष्ण मिश्रा, प्रो. कुणाल कुमार, प्रो. विक्की आनंद, डॉ. मो. साजिद सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे। वहीं छात्र समन्वयक के रूप में आदित्य, अमन, हिमांशु, रोशन एवं गौरव ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

जनसंपर्क पदाधिकारी प्रो. उत्तम कुमार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी ‘जल जीवन हरियाली दिवस’ के अवसर पर मधेपुरा के वन पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने