बिहारीगंज में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं व किशोरियों को किया गया जागरूक

 महावारी स्वच्छता कीट का वितरण करते डीएचईडब्लु की टीम 



कोशी तक/ बिहारीगंज मधेपुरा:-  प्रखंड बिहारीगंज स्थित मध्य विद्यालय में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार तथा जिला प्रशासन मधेपुरा के निर्देश पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान डीएचईडब्लु की टीम ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जो बालिकाओं के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। साथ ही विवाह की वैधानिक आयु और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पोषण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। टीम ने संकट की स्थिति में मिलने वाली सेवाओं—कानूनी सहायता, परामर्श और चिकित्सा सुविधा—के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों से संवाद स्थापित कर उन्हें शिक्षा को प्राथमिकता देने, आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में बालिकाओं के बीच माहवारी स्वच्छता किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने की, जबकि जिला मिशन कोऑर्डिनेटर इमरान आलम ने कार्यक्रम को संबोधित किया। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ मुमताज आलम, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिमन्यु कुमार, महिला पर्यवेक्षिका निभा कुमारी, निशा राज, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर ब्यूटी कुमारी, सेविका-सहायिका एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم