हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य निशान यात्रा, शहर में गूंजे जयकारे

 मुरलीगंज में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली निशान यात्रा 



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार की सुबह शहर के गोलबाजार स्थित गौतम शारदा पुस्तकालय परिसर से श्री बालाजी खाटू श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे बाजार क्षेत्र में भक्तिमय माहौल और उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत मारवाड़ी समाज के लोगों द्वारा विधि-विधान से ध्वज पूजन एवं हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ हुई। इसके बाद गाजे-बाजे और भजनों के बीच निशान यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर “जय श्रीराम” और “बजरंगबली” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

निशान यात्रा गौतम शारदा पुस्तकालय परिसर से निकलकर हरिद्वार चौक, जयरामपुर महावीर चौक, दुर्गा स्थान चौक, मिडिल चौक और हाट बाजार होते हुए पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और कई स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

इस यात्रा में मारवाड़ी समाज के दर्जनों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

मारवाड़ी समाज के सदस्य सूरज पंसारी ने बताया कि चैत्र शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान हनुमान के जन्मोत्सव को लेकर यह निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा के उपरांत सवा मणि भोग, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने