देह व्यापार के खिलाफ अभियान में पकड़ी गई महिला
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- थाना क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंहेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अड्डे पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक एनजीओ के सहयोग से कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक महिलाओं और पुरुषों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के समीप एक स्थान पर लंबे समय से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से कई महिलाएं एवं युवतियां बरामद की गईं, जिन्हें थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
छापेमारी के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जा रहा है कि इस धंधे से जुड़े कुछ अन्य लोग मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
वहीं, इस संबंध में पुलिस पदाधिकारियों ने फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बताने से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और पूछताछ पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें