नशा मुक्त शहर के संकल्प के साथ मुरलीगंज में निकली भव्य जागरूकता रैली, जरूरतमंद महिला को दी गई सिलाई मशीन

 मुरलीगंज में लायंस क्लब ने चलाया नशा मुक्त अभियान 



कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- शहर को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को सही दिशा देने के संकल्प के साथ रविवार को लायंस क्लब और लायंस क्लब फेमिना के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

मुरलीगंज के नवटोल स्थित एमपी क्लासेस के निदेशक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का शुभारंभ गोल बाजार स्थित श्री राम-जानकी मंदिर, वार्ड नंबर 07 के समीप हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद उदय कुमार चौधरी उपस्थित रहे।

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं क्लब सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में नशा विरोधी स्लोगन और बैनर लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नहीं रखो नशे से वास्ता, नहीं है ये सलामती का रास्ता” जैसे नारों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया। रैली गोल बाजार से शुरू होकर हाट बाजार, मिडिल चौक, दुर्गा स्थान चौक और सिनेमा हॉल चौक होते हुए पुनः राम-जानकी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के समापन पर सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए क्लब के सदस्यों द्वारा एक जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रदान की गई। इस अवसर पर पार्षद उदय कुमार चौधरी की उपस्थिति में यह पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष प्रणय कुमार साहा ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर खतरा है और युवाओं को इससे दूर रखकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। वहीं एमपी क्लासेस के निदेशक मिथिलेश कुमार ने कहा कि युवाओं का नशे की ओर बढ़ता रुझान चिंताजनक है, जिसे रोकने के लिए प्रशासन और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

इस अभियान की सफलता में डा. अनंत कुमार का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में क्लब के उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सचिव डॉ. रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार चौधरी, डॉ. एस.के. सुधांशु, विकास आनंद एवं अशोक कुमार चौधरी सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। वहीं लायंस क्लब फेमिना की ओर से अध्यक्ष अनीता रानी, सचिव पुष्प लता कुमारी, पुष्पा कुमारी, काजल कुमारी और सुशील कुमार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका  रही।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم