सिंहेश्वर में 11 दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन

बाबा भोले नाथ का पुजन करते कथावाचक संत मोरार जी बापु 



कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के पवित्र धार्मिक स्थल सिंहेश्वर में एक बार फिर आध्यात्मिक वातावरण गूंजने वाला है। बाबा नगरी सिंहेश्वर की पावन धरती पर 11 दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन मेला ग्राउंड में 1 मई से 11 मई तक किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और दूर-दूर से श्रद्धालुओं व सत्संग प्रेमियों के आने की संभावना जताई जा रही है।

इस आयोजन में मुख्य कथा वाचक के रूप में परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 108 संत दिव्य मोरारजी बापु उपस्थित रहेंगे, जिनके श्रीमुख से शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कर श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा, आरती, भजन-कीर्तन एवं आकर्षक झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे भक्तिमय माहौल और भी जीवंत होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत 1 मई को प्रातः 8:00 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इसके बाद कथा का मंगलाचरण एवं महिमा का वर्णन किया जाएगा। 11 दिनों तक अलग-अलग प्रसंगों पर आधारित कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान शिव एवं उनके विभिन्न रूपों, अवतारों और लीलाओं का विस्तृत वर्णन होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:

1 मई: कलश यात्रा, कथा मंगलाचरण एवं महिमा

2 मई: शिव नाम की महिमा

3 मई: काशीनाथ एवं कैलाशनाथ की महिमा

4 मई: प्रकटेश्वर महादेव की महिमा

5 मई: मां भगवती पार्वती अवतार की महिमा

6 मई: शिव विवाह महोत्सव

7 मई: कुमार (कार्तिकेय) अवतार की महिमा

8 मई: श्री गणेश अवतार की महिमा

9 मई: श्री गणेश विवाह महोत्सव

10 मई: रुद्र हनुमत अवतार की महिमा

11 मई: द्वादश ज्योतिर्लिंग महिमा, हवन, आरती एवं भव्य विदाई समारोह

आयोजकों के अनुसार, यह यज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों के प्रसार का भी माध्यम बनेगा। प्रशासनिक एवं स्थानीय स्तर पर भी इस आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। 

सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष और प्रबंधक दीप प्रज्वलित कर करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन।

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें।

Post a Comment

और नया पुराने