सिंहेश्वर में दो ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी, लाखों की क्षति, आपूर्ति बाधित

दो ट्रांसफर से तेल चोरी विभाग को 2 लाख 28 हजार 684 का चुना 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, सिंहेश्वर अंतर्गत क्षेत्र भ्रमण के दौरान पंचायत पटोरी में दो ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मार्च 2026 को लाइनमैन आलोक कुमार एवं कौशल देव राम द्वारा पंचायत पटोरी के वार्ड संख्या 11 एवं 12 में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि दोनों ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर लिया गया है।

पहली घटना महर्षि मेही आश्रम के सामने, वार्ड संख्या 11 में स्थित 63 केवीए ट्रांसफार्मर की है, जहां से तेल चोरी होने के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 1,14,342 रुपये की क्षति हुई है। वहीं दूसरी घटना रामपुर, वार्ड संख्या 12 की है, जहां लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर से भी तेल चोरी कर लिया गया, जिससे कंपनी को समान रूप से 1,14,342 रुपये का नुकसान हुआ है।

इस संबंध में कांड संख्या 116/26, दिनांक 23/03/2026 दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से आशंका जताई गई है कि अज्ञात चोरों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

विद्युत विभाग ने थाना सिंहेश्वर में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने