कोशी तक /मुरलीगंज मधेपुरा:- रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार को मुरलीगंज शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी अटूट आस्था और भक्ति का प्रदर्शन किया। पूरे शहर में “जय श्री राम” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर करीब 3:30 बजे दुर्गा स्थान से हुई। यात्रा गौशाला चौक, काशीपुर, मस्जिद चौक, हरिद्वार चौक, गोल बाजार, अग्रसेन भवन रोड, हाट बाजार और मिडिल चौक होते हुए पुनः दुर्गा स्थान पहुंचकर संपन्न हुई। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।
यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत और खीरे की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में युवाओं का नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, यात्रा के अंतिम भाग में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमा से सुसज्जित रथ शामिल था, जिसके दर्शन के लिए सड़कों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए मस्जिद चौक के पास मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एएसपी प्रवेंद्र भारती और एसडीएम संतोष कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
शोभायात्रा का आयोजन विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं शहरवासियों के सहयोग से किया गया। यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
मुरलीगंज से अंशु भगत

एक टिप्पणी भेजें